‘कानून सबके लिए बराबर, राजनीति नहीं तथ्य देखें’ : रिशु श्री मामले पर तेजस्वी को मंत्री सुनील कुमार का जवाब

 

Bihar news: बिहार में चर्चित रिशु श्री टेंडर मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर अब बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) कर रही है और जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करना उचित नहीं है।

मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते तेजस्वी यादव की जिम्मेदारी बनती है कि वे किसी भी मामले पर टिप्पणी करने से पहले उसके सभी पहलुओं और जांच की स्थिति को समझें। उन्होंने कहा कि ईओयू के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जांच से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया है, ऐसे में तथ्यों को नजरअंदाज कर आरोप लगाना केवल राजनीतिक बयानबाजी है।

उन्होंने तेजस्वी यादव की भाषा पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में शालीनता और मर्यादा बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि का दायित्व है। केवल आरोप लगाने से सच्चाई नहीं बदलती और राजनीतिक विमर्श में भाषा की गरिमा बनी रहनी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए सुनील कुमार ने कहा कि बिहार की जनता उनके विकास कार्यों और सुशासन से भलीभांति परिचित है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है और इसी का परिणाम है कि जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से अपना काम कर रही हैं। सरकार की नीति स्पष्ट है कि कानून के सामने सभी समान हैं और किसी के साथ किसी प्रकार का पक्षपात नहीं किया जाएगा।

वहीं, राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने के मुद्दे पर भी मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकारी आवास खाली कराने की प्रक्रिया पूरी तरह प्रशासनिक और कानूनी दायरे में हो रही है। भवन निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही कार्रवाई की जा रही है और इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा।

सुनील कुमार के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर रिशु श्री टेंडर मामले और राबड़ी आवास विवाद को लेकर सियासी तापमान बढ़ गया है। अब सबकी निगाहें जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई और विपक्ष की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।