“ढिलाई नहीं चलेगी!” विजय सिन्हा का सख्त संदेश- भू-माफियाओं पर अब राजस्व अधिकारियों की कलम चलेगी
उन्होंने कहा कि बिहार को भूमि विवाद से मुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तय है।
जनता का काम समय पर हो, यही पहली जिम्मेदारी
विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि खानापूर्ति नहीं, बल्कि तय समय सीमा के भीतर ईमानदारी से काम पूरा करना ही उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेताया कि हाल के दिनों में अंचल स्तर पर काम प्रभावित होने से जनता को हुई परेशानी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अधिकारियों की कलम ही सबसे बड़ा हथियार
बैठक में प्रधान सचिव C K अनिल ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भू-माफियाओं पर सबसे प्रभावी कार्रवाई राजस्व अधिकारियों की निष्पक्षता से ही संभव है। उन्होंने कहा, “आपकी कलम ही सबसे बड़ी ताकत है, जिससे अवैध कब्जों पर लगाम लगाई जा सकती है।”
सरकारी जमीन से छेड़छाड़ पर जीरो टॉलरेंस
सरकारी जमीन की सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी। लैंड बैंक को मजबूत करने के लिए ऐसे मामलों में सरकार का पक्ष मजबूत रखना जरूरी है।
कार्यप्रणाली की हुई गहन समीक्षा
बैठक में दाखिल-खारिज, अपील वाद, बीएलडीआर और मापी मामलों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही राजस्व वसूली, लैंड बैंक के सत्यापन और जमीनी स्तर पर निरीक्षण की स्थिति पर भी गहन चर्चा हुई। सरकार ने साफ संकेत दे दिया है कि अब राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए सख्ती बढ़ेगी और लापरवाही पर सीधी कार्रवाई होगी।