पटना में ‘महिला मेगा जॉब फेयर’ का दमदार असर: 6 हजार से ज्यादा युवतियों को मिली नौकरी, हेल्थ सेक्टर रहा टॉप

    •    हेल्थ, टेक्सटाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में सबसे ज्यादा भर्ती
    •    Medimix Healthcare Private Limited ने दिया सबसे बड़ा 5.4 लाख का पैकेज
 
Bihar News: बिहार में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम सामने आया है। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित दो दिवसीय महिला मेगा जॉब फेयर ने हजारों युवतियों के सपनों को नई उड़ान दे दी। इस आयोजन में 6 हजार से ज्यादा महिलाओं को रोजगार मिला, जिससे पूरे राज्य में एक सकारात्मक संदेश गया है।

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत बिहार वोमेन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट कारपोरेशन द्वारा आयोजित इस मेले में 11 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जिनमें से 6,135 को मौके पर ही नौकरी मिल गई। खास बात यह रही कि बिहार के सभी 38 जिलों से युवतियों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि यह सिर्फ रोजगार मेला नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा अभियान है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे और कहा कि आने वाले समय में ऐसे और भी आयोजन किए जाएंगे।

इस जॉब फेयर में हेल्थ सेक्टर सबसे आगे रहा, जहां सबसे ज्यादा नियुक्तियां हुईं। इसके अलावा टेक्सटाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिला। सबसे आकर्षक पैकेज मेडिमिक्स हैल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दिया गया, जिसने 5.4 लाख रुपये सालाना का ऑफर दिया।

वहीं, फ्लिपकार्ट और अन्य कंपनियों ने भी बड़ी संख्या में युवतियों को नौकरी दी। कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि चयनित महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए कंपनियों के साथ विशेष समझौते किए जाएंगे।

इस आयोजन की खास बात यह भी रही कि दूर-दराज से आई प्रतिभागियों के लिए बसों की व्यवस्था, मार्गदर्शन और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की गई थीं।

यह मेगा जॉब फेयर बिहार में महिलाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खोलने वाला साबित हुआ है और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।