मैथिली भाषा को CBSE पाठ्यक्रम में मिली जगह, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने दी बधाई

 
Bihar news: मैथिली भाषा को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए देश-दुनिया के सभी मैथिली भाषियों, शिक्षाविदों और मातृभाषा प्रेमियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह संपूर्ण बिहार, विशेष रूप से मिथिलांचल क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मैथिली केवल एक भाषा नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और लोकजीवन की पहचान है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि CBSE के पाठ्यक्रम में मैथिली को स्थान मिलना भाषा के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके प्रसार की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा को पढ़ने और समझने का अवसर मिलेगा तथा भाषा और संस्कृति के प्रति उनका जुड़ाव और मजबूत होगा।

उन्होंने इस निर्णय को मैथिली भाषा के सम्मान और उसके विकास की दिशा में एक युगांतरकारी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे देशभर में मैथिली भाषा की पहचान और स्वीकार्यता को नई मजबूती मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि इस पहल से मैथिली भाषा के अध्ययन और अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियां अपनी समृद्ध भाषाई और सांस्कृतिक धरोहर से और अधिक जुड़ सकेंगी।

यह निर्णय मैथिली भाषा और मिथिला संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।