वैशाली में पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में कुख्यात लुटेरा छोटू घायल

बिहार के वैशाली में पुलिस और STF की संयुक्त टीम की अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में रविवार देर रात पुलिस और STF की टीम की एक लूट और आर्म्स एक्ट के आरोपी के साथ मुठभेड़ हो गई
 

बिहार के वैशाली में पुलिस और STF की संयुक्त टीम की अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में रविवार देर रात पुलिस और STF की टीम की एक लूट और आर्म्स एक्ट के आरोपी के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान राज नंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, छोटू समस्तीपुर के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी है। करीब दो साल पहले समस्तीपुर में हुई 2 करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट में उसकी तलाश की जा रही थी। बताया जाता है कि साल 2025 में वह समस्तीपुर कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटू रविवार रात अपने गांव के पास मरमला चौर में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की।

इसी दौरान पुलिस के मुताबिक, छोटू ने टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान आरोपी को दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है।

घायल आरोपी छोटू वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला निवासी चंदेश्वर राय का बेटा है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ वैशाली और समस्तीपुर जिले में लूट, आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद एसएसपी शुभांक मिश्रा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, FSL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।