स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 चिकित्सक सरकारी सेवा से बर्खास्त

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी सेवा में कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। 
 

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी सेवा में कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आज हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में इन 11 चिकित्सकों को सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव की स्वीकृति मिली। 

स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित जिलों के सिविल सर्जनों से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर सभी मामलों में विभागीय कार्यवाही संचालित की गई। जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद संबंधित चिकित्सकों को द्वितीय कारण-पृच्छा के माध्यम से अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया गया। इसके बावजूद उनका जवाब अप्राप्त रहने पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई। 

इसमें डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. राकेश कुमार निराला, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित, डॉ. गोपीनाथ भगत, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रवि रंजन, डॉ. मो. शहनवाज कौसर, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रसून विवाकर, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. अरुण कुमार शामिल हैं। 

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि चिकित्सक का पेशा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य की रक्षा करने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक चिकित्सक से अपेक्षा की जाती है कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।

उन्होंने कहा कि कुछ चिकित्सकों द्वारा लंबे समय तक बिना अनुमति अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित रहना और अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करना अत्यंत गंभीर विषय है। इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और आम नागरिकों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाएं प्रभावित होती हैं। स्वास्थ्य विभाग ऐसे मामलों को गंभीरता से लेता है और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करता है।

 मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प राज्य के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार संसाधनों, चिकित्सा सुविधाओं एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले, समर्पित एवं कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सकों को विभाग हमेशा प्रोत्साहित और सम्मानित करेगा, लेकिन अपने दायित्वों की अनदेखी करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी सेवा में जवाबदेही, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।