बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला, नए विभागों की सौंपी गई जिम्मेदारी
Bihar News: बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विभागों, निगमों और जिला प्रशासन में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कई महत्वपूर्ण विभागों और पदों पर बदलाव किया गया है। इस फेरबदल को आगामी प्रशासनिक चुनौतियों और विभागीय कार्यकुशलता को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
* अनिमेष कुमार पराशर (IAS 2010) को प्रबंध निदेशक, बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड से स्थानांतरित कर सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
* शोभित कपिल अशोक (IAS 2011) को प्रबंध निदेशक, कम्फेड, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। वे आपदा प्रबंधन विभाग और बिहार राज्य फल एवं सब्जी विकास निगम सहित अपने पूर्व अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
* निलेश रामचंद्र देवरे (IAS 2011) को विशेष सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है। वे वर्तमान में नागरिक उड्डयन विभाग से जुड़े दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं।
* नवल किशोर चौधरी (IAS 2013) को भागलपुर के जिलाधिकारी पद से मुक्त करते हुए प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य संचरण कंपनी लिमिटेड बनाया गया है। साथ ही वे नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
* नवदीप शुक्ला (IAS 2013) को बांका के डीएम पद से हटाकर विशेष सचिव, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग बनाया गया है। उन्हें बिहार कौशल विकास मिशन के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
* पवन कुमार सिन्हा (IAS 2013), जिन्हें हाल ही में गोपालगंज डीएम पद से मुक्त किया गया था, अब विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग के रूप में कार्य करेंगे।
* सौरभ जोरवाल (IAS 2014) को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद पर यथावत रखते हुए बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
* कुमार मंगलम (IAS 2014) को पूर्णिया नगर आयुक्त पद से स्थानांतरित कर सचिव, राजस्व परिषद, बिहार बनाया गया है।
* प्रशांत कुमार सीएच (IAS 2015) को परियोजना निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में निर्वाचन विभाग में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
* विशाल राज (IAS 2017) को किशनगंज डीएम पद से मुक्त कर प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड बनाया गया है।
* स्पर्श गुप्ता (IAS 2019) को बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर अपर कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति बनाया गया है।
* श्रेष्ठ अनुपम (IAS 2020) को मुजफ्फरपुर जिला परिषद के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद से स्थानांतरित कर संयुक्त सचिव, वित्त विभाग बनाया गया है।
* अभिषेक पलासिया (IAS 2020) को गया नगर निगम के नगर आयुक्त पद से हटाकर संयुक्त सचिव, पथ निर्माण विभाग नियुक्त किया गया है।
* प्रदीप सिंह (IAS 2020) को भागलपुर जिला परिषद से स्थानांतरित कर संयुक्त सचिव, पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
* कुमार निशांत विवेक (IAS 2020) को बिहारशरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त पद से स्थानांतरित कर निदेशक, प्राथमिक शिक्षा बनाया गया है।
* अनन्या सिंह (IAS 2020) को औरंगाबाद जिला परिषद से स्थानांतरित कर अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जीविका नियुक्त किया गया है। साथ ही वे मनरेगा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी।
सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन को और अधिक गतिशील, जवाबदेह तथा प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारी अपने अनुभव और प्रशासनिक दक्षता का बेहतर उपयोग कर सकेंगे।