नालंदा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 6 अधिकारियों का तबादला, कई थानों को मिले नए थानाध्यक्ष
जारी आदेश के तहत अस्थावां थाना के थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार को पुलिस केंद्र, नालंदा भेज दिया गया है। उनकी जगह चंडी अंचल के अंचल पुलिस निरीक्षक सत्यम चंद्रवंशी को अस्थावां थाना की कमान सौंपी गई है। वहीं इस्लामपुर थाना में भी नेतृत्व परिवर्तन करते हुए थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय को बिहार अंचल का अंचल पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। अब करायपरसुराय थाना के प्रभारी रणविजय कुमार इस्लामपुर के नए थानाध्यक्ष होंगे।
फेरबदल की कड़ी में साइबर थाना में तैनात पुलिस निरीक्षक चंदन कुमार सिंह को चंडी अंचल का अंचल पुलिस निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं बिहार थाना में पदस्थापित कनीय पुलिस अवर निरीक्षक सुशील कुमार पासवान को करायपरसुराय थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
एसपी भारत सोनी ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की निगरानी और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नालंदा पुलिस में हुए इस बड़े फेरबदल को बेहतर पुलिसिंग, प्रशासनिक दक्षता और आगामी चुनौतियों से निपटने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। अब नए अधिकारियों के कामकाज और उनके नेतृत्व में जिले की कानून-व्यवस्था पर सबकी नजरें टिकी हैं।