मुंगेर गंगा पुल के एप्रोच पथ पर बड़ा खतरा! सुरक्षा दीवार में दरार से बढ़ी हादसे की आशंका

 

Munger news: श्रीकृष्ण सेतु (मुंगेर गंगा पुल) को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-333बी (NH-333B) के एप्रोच पथ पर एक गंभीर तकनीकी खामी सामने आई है। सुजाबलपुर स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बने रोड अंडर ब्रिज (RUB) के समीप पुल की मुख्य दीवार और रिटेनिंग वॉल के बीच बड़ा गैप बनने से सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

लगातार हो रही बारिश के कारण दीवारों के बीच बनी दरार से पानी अंदर प्रवेश कर रहा है, जिससे एप्रोच पथ के नीचे की मिट्टी का कटाव शुरू हो गया है। तकनीकी जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो सड़क के नीचे की जमीन कमजोर हो सकती है, जिससे सड़क धंसने या एप्रोच पथ को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ जाएगी।

यह मार्ग मुंगेर और आसपास के जिलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन हजारों वाहन इसी रास्ते से श्रीकृष्ण सेतु होकर गंगा पार करते हैं। ऐसे में इस खामी ने स्थानीय लोगों और यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों और राहगीरों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के चलते दरार लगातार चौड़ी हो रही है और यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपाय करने और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अभियंताओं को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक सुरक्षा उपाय और स्थायी मरम्मत का कार्य कराया जाएगा, ताकि पुल के एप्रोच पथ पर आवागमन पूरी तरह सुरक्षित बना रहे।

फिलहाल लगातार बारिश के बीच लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो यह तकनीकी खामी बड़े यातायात संकट और दुर्घटना का कारण बन सकती है।