बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल: DGP विनय कुमार 21 दिनों की छुट्टी पर, वरिष्ठ आईपीएस प्रीता वर्मा को मिली कमान; नए डीजीपी के नाम पर भी चर्चा तेज
Bihar news: बिहार पुलिस के शीर्ष स्तर पर एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार 21 दिनों के लंबे अवकाश पर चले गए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, उनका यह अवकाश 15 सितंबर से लेकर 5 अक्टूबर 2026 तक स्वीकृत किया गया है। डीजीपी के इस तरह अचानक छुट्टी पर जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
प्रीता वर्मा संभालेंगी कार्यभार:
डीजीपी विनय कुमार के अवकाश पर रहने की अवधि के दौरान पुलिस महकमे की प्रशासनिक कमान वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को सौंपी गई है। उन्हें बिहार के डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बता दें कि प्रीता वर्मा वर्तमान में महानिदेशक-सह-महासमादेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनके कंधों पर अब राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की अतिरिक्त जिम्मेदारी आ गई है।
स्थाई डीजीपी की चर्चाएं भी तेज:
इन सबके बीच राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में नए और स्थाई डीजीपी की नियुक्ति को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया को लेकर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विचार और मंथन शुरू हो चुका है। हालांकि, स्थाई डीजीपी के नाम पर अंतिम मुहर सरकार और संबंधित नियमों की पूरी प्रक्रिया के बाद ही लगेगी।