बिहार की जेल व्यवस्था में बड़ा फेरबदल, 30 जेल उपाधीक्षकों का एक साथ तबादला
Patna: बिहार सरकार ने राज्य की जेल व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 30 जेल उपाधीक्षकों का एक साथ तबादला कर दिया है. गृह विभाग ने देर रात अधिसूचना जारी कर सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है. हाल के बेऊर जेल प्रकरण के बाद इस कार्रवाई को जेल प्रशासन में अनुशासन, सुरक्षा और जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, यह स्थानांतरण नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है. सरकार का उद्देश्य राज्य की जेलों में बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करना है. एक साथ 30 अधिकारियों के तबादले से कारा महकमे में हलचल तेज हो गई है.
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार राजेश कुमार मिश्रा को मुंगेर मंडल कारा, रामानुज राम को मोतिहारी केंद्रीय कारा, जितेंद्र प्रसाद गुप्ता को मधेपुरा मंडल कारा, सरवर इमाम खान को शेखपुरा मंडल कारा, शिवमंगल प्रसाद को समस्तीपुर मंडल कारा, प्रेमजीत कुमार को कटिहार मंडल कारा तथा धीरज कुमार को बेतिया मंडल कारा का जेल उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है. इसके अलावा अधिसूचना में शामिल अन्य अधिकारियों को भी राज्य के विभिन्न केंद्रीय, मंडल और जिला कारागारों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
सुरक्षा और प्रशासन होगा मजबूत
सरकार का मानना है कि बड़े पैमाने पर किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल से जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है. हाल के दिनों में जेल प्रशासन से जुड़े मामलों के बाद सरकार की इस कार्रवाई को राज्य की कारा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.