बिहार में सुबह-सुबह बड़ा रेल हादसा: आरा में महानंदा एक्सप्रेस की 2 बोगियां बेपटरी, मची अफरा-तफरी
भोजपुरः बिहार में रविवार सुबह-सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया. आरा रेलवे स्टेशन के पास अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई. ट्रेन नंबर 15484 के डिरेल होने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि ट्रेन आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना हुई थी. कुछ दूर आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही ट्रेन अचानक पटरी से उतर गई. हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर यात्रियों में हड़कंप मच गया.
दरअसल , दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर रविवार की अहले सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया. न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा जंक्शन होकर नई दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं. घटना सुबह करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटरी से उतरने वाली दोनों बोगियां इंजन से सटे जनरल कोच की बताई जा रही हैं.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन का इंजन, SLR बोगी और एक एसी कोच पटरी से उतर गया. हादसे के वक्त सुबह का समय था और ज्यादातर यात्री नींद में थे. अचानक ट्रेन के डिरेल होने से यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. हालांकि, राहत की बात है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के तुरंत बाद रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे. रेलवे की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बहाली का काम शुरू कर दिया.
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुए हैं. सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने बताया कि ट्रेन 7:23 बजे अपने गन्तव्य की ओर रवाना कर दी गई है.
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई. रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लेने में जुट गए हैं. हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है.
हादसे की जांच शुरू
रेलवे महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग और डीआरएम विनोद कुमार के निर्देश पर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है. बोगी के पहियों के पटरी से उतरने वाले स्थान पर जांच की जा रही है. रखरखाव से लेकर तकनीकी पहलुओं तक सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
यह हादसा आरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के पास अप लाइन में हुआ है. घटनास्थल 593 किलोमीटर 9 ए बताया जा रहा है. दानापुर कंट्रोल से तकनीकी टीम आरा के लिए रवाना हो गई है.
रेलवे की ओर से पटरी से उतरी बोगियों को हटाने और रेल परिचालन सामान्य कराने के लिए राहत एवं तकनीकी कार्य शुरू कर दिया गया है. संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन की जांच में जुटी हैं.
हालांकि, महानंदा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. रेलवे अधिकारियों की ओर से तकनीकी जांच की जा रही है. ट्रैक को दुरुस्त करने और दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को हटाने के बाद ही रेल परिचालन पूरी तरह सामान्य होने की संभावना है. प्रभावित ट्रेनों के परिचालन को लेकर रेलवे की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं.
घटना की जांच शुरू
दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार आरा रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी है. उनके साथ दानापुर रेल मंडल के वरीय रेल इंजीनियरिंग अधिकारी भी पहुंचे हैं. पटरी से उतरी दोनों बोगियों के पहिया को जैक की मदद से पटरी पर चढ़ाने का काम किया जा रहा है.