पटना में सजा ‘आमों का दरबार’, किसानों से सीधे खरीदें कार्बाइड फ्री आम; बोले मंत्री रामकृपाल- संगठित होकर बाजार से जुड़ें किसान

 

Bihar News: राजधानी पटना के बुद्ध मार्ग स्थित बिहार राज्य सहकारी संघ परिसर में गुरुवार से दो दिवसीय ‘आम महोत्सव’ की शुरुआत हो गई। नाबार्ड की ओर से आयोजित इस महोत्सव में शहरवासी सीधे आम उत्पादक किसानों से रसायनमुक्त यानी कार्बाइड फ्री आम खरीद सकेंगे। यह महोत्सव 26 जून की शाम तक चलेगा, जहां बिहार की विभिन्न प्रसिद्ध किस्मों के आम प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

महोत्सव का उद्घाटन करते हुए बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार के आम की मिठास और गुणवत्ता की पहचान पूरे देश में है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मंत्री ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने और संगठित होकर बाजार से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

रामकृपाल यादव ने बताया कि राज्य में गठित प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों (पीवीसीएस) को जल्द ही मल्टी परपस पैक्स (एम-पैक्स) के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत किसान फल, फूल, मसाले, मत्स्य, डेयरी, मधुमक्खी पालन, भंडारण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ सकेंगे।

इस अवसर पर नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को सीधा बाजार उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना बिचौलियों के अपने उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचा सकें। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी शुरू होने के कुछ ही घंटों में किसान करीब 4 से 5 क्विंटल आम बेच चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, मार्केटिंग कौशल और पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस कम करने के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी। महोत्सव में विशेषज्ञ किसानों के साथ संवाद भी करेंगे।

कार्यक्रम में बिहार राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष विनय कुमार शाही, बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे, बिस्कोमान के चेयरमैन विशाल सिंह, बिहार राज्य ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक दीपक कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।