मांझी का बड़ा दावा: ‘हम’ का जनाधार भाजपा-जदयू से भी मजबूत, महकार से दिया सियासी संदेश
मीडिया से बातचीत में मांझी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत जनता का विश्वास होता है और उनकी पार्टी लगातार लोगों के बीच रहकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा आज गांव-गांव तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुकी है और बड़ी संख्या में लोग पार्टी की विचारधारा से जुड़ रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों, दलितों, महादलितों और वंचित वर्गों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर सदन तक इन वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने का परिणाम है कि आज पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
राजनीतिक बयान के साथ-साथ मांझी ने पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण जरूरी है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान परिसर में दर्जनों पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया। मांझी के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में नई बहस शुरू हो गई है।