गयाजी में मांझी का तेजस्वी पर तीखा वार- “काम नीतीश करते हैं, बातें तेजस्वी करते हैं”

 

Gaya: केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने शनिवार को अपने गया आवास से राजद नेता तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। तेजस्वी यादव के उस बयान पर कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री उनकी योजनाओं की नकल कर रहे हैं, मांझी ने पलटवार करते हुए कहा, “तेजस्वी यादव बहुत सोचते हैं, यह वही जंगलराज वाली सोच है जिसने 2005 से पहले बिहार को बर्बाद किया था।”

मांझी ने गिनाईं योजनाएं

मांझी ने सवाल खड़े किए कि: 
    •    क्या लड़कियों को साइकिल और पोशाक देने की योजना तेजस्वी ने शुरू की थी?
    •    क्या होमगार्ड जवानों को 13 महीने का वेतन और वर्दी तेजस्वी ने दी?
    •    क्या वृद्धावस्था पेंशन तेजस्वी ने बढ़ाया?

उन्होंने कहा कि इमामगंज चुनाव के दौरान उन्होंने खुद 1500 रुपये पेंशन की मांग रखी थी, क्योंकि झारखंड में इतनी राशि मिलती है। अब जब सरकार ने इसे 1100 रुपये किया है, तो तेजस्वी इसका श्रेय लेने लगे हैं।

तेजस्वी सपना देख रहे हैं”

तेजस्वी यादव के इस बयान पर कि उनकी सरकार बनते ही “वोट चोरों की नींद हराम हो जाएगी”, मांझी ने चुटकी ली। उन्होंने कहा, “हारने वाले यही कहते हैं। तेजस्वी मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। चाहे सोने-चांदी की ताजपोशी कर लें, जनता पढ़ी-लिखी है और सब समझती है।”

नीतीश की तारीफ़

मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खुलकर तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि नीतीश बीते 20 सालों से “न्याय के साथ विकास” की नीति पर काम कर रहे हैं।
“तेजस्वी जैसे नेता केवल बातें करते हैं, नीतीश कुमार जैसे नेता काम करते हैं। आज की जनता जागरूक है और किसी के झांसे में नहीं आएगी।”