नौकरी नहीं मिलने पर MBA पति ने लगाई फांसी, सुसाइड की खबर मिलते ही गोरखपुर में पत्नी ने दी जान, 2 साल पहले की थी लव मैरिज

 

वाराणसी में एक युवक ने सुसाइड कर लिया। उसकी मौत की सूचना मिलते ही गोरखपुर में उसकी पत्नी ने भी छत से कूद कर जान दे दी। दोनों ने 2 साल पहले लव मैरिज की थी।

सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। उसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। 

हरीश बगेश (28) और संचिता श्रीवास्तव (28) ने वाराणसी में पढ़ाई की थी। दोनों ने राजघाट के एक हाईप्रोफाइल स्कूल से 10वीं की थी। इसी दौरान दोनों में दोस्ती और फिर प्यार हो गया था। कई साल तक दोनों में बातचीत होती रही। इसके बाद हरीश ने जम्मू जाकर MBA किया। फिर कुछ समय मुंबई के एक बैंक में नौकरी की। दो साल पहले हरीश ने संचिता से शादी कर ली।

संचिता गोरखपुर के डॉ. रामशरण दास की बेटी है। हरीश बगेश पटना का रहने वाला था। शादी के बाद भी हरीश मुंबई में एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करता था। मगर, संचिता की तबीयत खराब होने की वजह से नौकरी छोड़कर वापस आ गया। उसके बाद वह गोरखपुर में अपनी ससुराल सिविल लाइंस में रहने लगा। उसने 6 जुलाई को ससुराल वालों को बताया कि पटना में उसके गांव में बाढ़ आ गई है। इसलिए अपने घर जा रहा है। इसके बाद वह ससुराल से चला गया।

2 दिन पहले सारनाथ के होटल में फांसी लगाई वाराणसी के सारनाथ में अटल नगर कॉलोनी के एक होटल संचालक ने बताया- 2 दिन पहले हरीश यहां रहने आया था। रविवार को उसके एक रिश्तेदार ढूंढते हुए होटल पहुंचे। मैंने हरीश को फोन किया, तो उसका फोन नहीं उठा। जब मैंने खिड़की से झांक कर देखा, तो हरीश पंखे से फंदे पर लटका था।

मैंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद ही पुलिस पहुंच गई। उसने युवक को फंदे से उतारा और अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने हरीश के जेब में मिले कागजात से पत्नी और उसके घरवालों का नंबर मिला। इस पर पुलिस ने पत्नी को हरीश की मौत की सूचना दी। खबर मिलने के बाद पत्नी संचिता डिप्रेशन में चली गई। रविवार सुबह 9 बजे वह घर की दूसरी मंजिल पर पहुंची और नीचे कूद गई। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई।

हरीश के घरवालों ने बताया- पत्नी की तबीयत खराब होने और नौकरी छोड़ने के बाद हरीश ससुराल में रहने लगा था। कुछ दिन बाद उसने नौकरी के लिए प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसकी वजह से वह डिप्रेशन में आ गया। उसने नशा करना शुरू कर दिया। पुलिस को उसके कमरे में गांजा, सिगरेट, लाइटर, मोबाइल, पर्स और फांसी में इस्तेमाल रस्सी मिली है।