सीएम बनते ही आस्था का संदेश: सम्राट चौधरी ने पटना साहिब में टेका मत्था, ‘गुरु कृपा से विकसित बिहार’ की कामना

 
Bihar news: बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने गुरुवार को अपनी पहली धार्मिक यात्रा के तहत पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पटना साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेककर राज्य के विकास और समृद्धि की कामना की। दोपहर करीब एक बजे मुख्यमंत्री गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने दरबार साहिब में श्रद्धा भाव से गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दौरा था, जिसे सियासी और धार्मिक दोनों दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक भी मौके पर मौजूद रहे और उनके स्वागत में जुटे।

गुरुद्वारा परिसर में सम्राट चौधरी ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी की प्रेरणा से देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी याद किया कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार में कई ऐतिहासिक काम हुए और गुरु गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व के दौरान नगर विकास मंत्री रहते हुए उन्हें भी योगदान देने का अवसर मिला था।

उन्होंने कहा कि आज उन्होंने गुरु महाराज से बिहार को समृद्ध और विकसित बनाने की प्रार्थना की है।

मत्था टेकने के बाद मुख्यमंत्री ने कुछ देर तक शबद कीर्तन सुना और गुरुद्वारे के आध्यात्मिक माहौल में समय बिताया। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप तलवार भी भेंट की गई।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही शपथ ग्रहण समारोह के लिए रवाना होते वक्त सम्राट चौधरी ने राजवंशी नगर हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना की थी। ऐसे में साफ है कि सीएम बनने के साथ ही उन्होंने विकास के साथ-साथ आस्था को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।