पटना जंक्शन पर ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश: ब्रह्माकुमारी बहनों का जागरूकता अभियान
Patna News: राजधानी पटना के रेलवे स्टेशन पटना जंक्शन पर आज एक अनोखी पहल देखने को मिली, जब ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व बीके सुनीति और उनकी टीम ने किया।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों, स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। टीम के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी इस बुराई से बचाने का संकल्प लें।
बी.के सुनीति ने बताया कि नशा न सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर एक स्वस्थ और सकारात्मक समाज का निर्माण करना है।
इस दौरान लोगों ने नशा छोड़ने का संकल्प भी लिया। पटना जंक्शन जैसे भीड़-भाड़ वाले स्थान पर इस पहल ने खासा ध्यान आकर्षित किया और आम लोगों ने भी इसे सराहा।
अभियान के जरिए यह संदेश दिया गया कि एक नशा मुक्त समाज ही सशक्त और समृद्ध भारत की नींव रख सकता है।