सुबह-शाम हल्की ठंड, दिन में गर्मी पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, मौसमी फ्लू और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ा
राज्य में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बरकरार है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। दिन और रात के तापमान में 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर आने से इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। मौसमी फ्लू और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
केंद्र पटना के अनुसार, बुधवार को राज्य में न्यूनतम तापमान 17.5 से 22.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. आनंद शंकर के मुताबिक, अगले पांच दिन तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह-शाम गुलाबी ठंड और दोपहर में गर्मी का यह मिला-जुला असर बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश कराने वाला कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम मौजूद नहीं है। हालांकि, 22 से 28 अक्टूबर के दौरान दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने से कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसी तरह दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप के आसपास भी मौसमी हलचल तेज होने के संकेत हैं। इन प्रणालियों का सीधा असर दक्षिण भारत के राज्यों पर पड़ेगा, लेकिन बिहार के मौसम पर इनका कोई बड़ा प्रभाव पड़ने या बारिश होने के आसार फिलहाल नहीं हैं।