आंगनबाड़ी व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएंगी मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, किराये के केंद्र होंगे शिफ्ट; ICDS के लिए टोल फ्री नंबर की तैयारी
बैठक में ICDS निदेशालय की योजनाओं, मॉनिटरिंग व्यवस्था और जमीनी स्तर पर चल रही सेवाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास और ICDS निदेशक ने विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों की जानकारी मंत्री को दी।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला किराये के भवनों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर लिया गया। मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने निर्देश दिया कि ऐसे केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सरकारी भवनों में शिफ्ट करने की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके लिए अगले एक वर्ष का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने को भी कहा गया।
मंत्री ने ICDS के लिए अलग से एक समर्पित टोल फ्री नंबर शुरू करने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि इससे आम लोगों, लाभुकों और महिलाओं की शिकायतों एवं सुझावों का त्वरित समाधान हो सकेगा और विभागीय जवाबदेही भी बढ़ेगी।
समीक्षा बैठक के दौरान विभाग में रिक्त पदों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने और योजनाओं के संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने का निर्देश दिया।
डॉ. श्वेता गुप्ता ने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग को और मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे और सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशील और समन्वित तरीके से काम करना होगा।
सरकार की इस पहल को महिला एवं बाल विकास सेवाओं को नई दिशा देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।