शंखनाद के साथ मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी की एंट्री, बालू माफियाओं को दी खुली चेतावनी
बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त तेवर
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने राज्य में सक्रिय बालू माफियाओं के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बिहार की खनिज संपदा को लूटने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने चेतावनी दी कि अवैध खनन में शामिल लोगों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सरकार पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर चुकी है।
“न पैसा चलेगा, न पैरवी”
मंत्री ने भ्रष्टाचार और राजनीतिक संरक्षण के सहारे चल रहे अवैध खनन कारोबार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब न माफियाओं का पैसा काम आएगा और न किसी बड़े नेता या अधिकारी की सिफारिश। विभाग में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू होगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन करने वालों को भेजा जाएगा जेल
प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध घाटों की पहचान कर तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि केवल जुर्माना लगाकर मामला खत्म नहीं किया जाएगा, बल्कि दोषियों को जेल भेजा जाएगा। मंत्री के इस कड़े रुख से साफ संकेत मिल रहे हैं कि बिहार में अब अवैध बालू कारोबार पर सरकार बड़ा अभियान चलाने की तैयारी में है।
विभाग में बड़े बदलाव के संकेत
मंत्री के शुरुआती तेवरों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले दिनों में खनन विभाग में कई बड़े प्रशासनिक फैसले और सख्त कदम देखने को मिल सकते हैं। सरकार इसे राजस्व बढ़ाने और अवैध खनन पर लगाम लगाने की दिशा में अहम पहल मान रही है।