दानापुर में विकास कार्यों की हकीकत परखने उतरे मंत्री राम कृपाल यादव, घटिया निर्माण पर दी सख्त चेतावनी
• धीमी प्रगति और खराब गुणवत्ता पर अधिकारियों को एक हफ्ते का अल्टीमेटम
मंत्री ने अधिकारियों के साथ कई निर्माण स्थलों का दौरा कर काम की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कई परियोजनाओं में काम की रफ्तार धीमी है और कुछ जगहों पर गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं दिख रही है। इसे देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तय समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं हो।
एक हफ्ते का दिया अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह बाद फिर से इन परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। यदि तब भी प्रगति संतोषजनक नहीं मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जल जमाव की समस्या पर फोकस
दानापुर क्षेत्र में लंबे समय से जल जमाव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। इस पर मंत्री ने कहा कि आने वाले बारिश के मौसम को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
नाले के टूटने पर जताई नाराजगी
बुडको द्वारा बनाए गए नाले के टूटने की घटना पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह निर्माण की खराब गुणवत्ता का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी घटिया निर्माण या लापरवाही मिले, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों में वार्ड पार्षद राजेश शर्मा, अनिल कुमार और बिजेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।