पटना पहुंचे ‘मिर्जापुर’ के सितारे, मुन्ना भैया की वापसी से लेकर कालीन भैया के अगले प्रोजेक्ट तक, जानिए क्या बोले सितारे

Patna: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा ने फिल्म से जुड़े कई राज साझा किए. पंकज त्रिपाठी ने कहा कि वह ‘क्रिमिनल जस्टिस’ पर फिल्म बनाना चाहेंगे. वहीं दिव्येंदु शर्मा ने मुन्ना भैया के किरदार में वापसी के दौरान अपने डर और तैयारी के बारे में बताया.
 

Patna: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के प्रमोशन के लिए शनिवार को फिल्म की स्टारकास्ट पटना पहुंची। इस दौरान पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), अली फजल (गुड्डू पंडित) और दिव्येंदु शर्मा (मुन्ना त्रिपाठी) ने प्रभात खबर से खास बातचीत की। कलाकारों ने फिल्म, अपने किरदारों और बिहार से जुड़ी कई बातें साझा कीं।

‘क्रिमिनल जस्टिस’ पर बननी चाहिए फिल्म

बातचीत के दौरान पंकज त्रिपाठी से पूछा गया कि ‘मिर्जापुर’ जैसी किसी दूसरी दमदार वेबसीरीज पर वह फिल्म बनाना चाहेंगे? इस पर उन्होंने ‘क्रिमिनल जस्टिस’ का नाम लिया। पंकज त्रिपाठी ने कहा कि वह ‘क्रिमिनल जस्टिस’ पर फिल्म बनाना चाहेंगे।

फिल्म और वेबसीरीज का फॉर्मेट अलग

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में वेबसीरीज से क्या अलग देखने को मिलेगा, इस सवाल पर पंकज त्रिपाठी ने कहा कि फिल्म और सीरीज का फॉर्मेट अलग होता है। फिल्म के फॉर्मेट में भी ‘मिर्जापुर’ की पूरी कहानी को पेश किया गया है। फर्क मुख्य रूप से ड्यूरेशन का है।

उन्होंने बताया कि वेबसीरीज में कहानी को विस्तार देने के लिए ज्यादा समय मिलता है, जबकि फिल्म में सीमित समय में कहानी को प्रभावी ढंग से पेश करना होता है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में भी कम समय में कहानी को शानदार तरीके से सजाकर दर्शकों के सामने रखा गया है।

बॉक्स ऑफिस को लेकर नहीं है डर

क्या सफल वेबसीरीज के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई तो इससे ‘मिर्जापुर’ की ब्रांडिंग पर असर पड़ सकता है? इस सवाल पर पंकज त्रिपाठी ने कहा कि ऐसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि अच्छी फिल्मों को दर्शकों ने हमेशा सराहा है और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी भी अच्छी है। उन्हें उम्मीद है कि जिस तरह दर्शकों ने वेबसीरीज को प्यार दिया, उसी तरह फिल्म को भी पसंद करेंगे। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा कि फिल्म देखकर उन्हें मजा आएगा।

रवि किशन को बताया ‘महादेव’

मिर्जापुर में रवि किशन की भूमिका और उनकी एंट्री को लेकर भी पंकज त्रिपाठी ने बात की। उन्होंने रवि किशन को ‘महादेव’ बताते हुए कहा कि वह शानदार व्यक्ति हैं और उनके बड़े भाई जैसे हैं। पंकज ने ‘मिर्जापुर’ में रवि किशन की एंट्री को भी शानदार बताया।

बिहार में आगे भी शूटिंग करना चाहते हैं पंकज

बिहार में शूटिंग के अनुभव को लेकर पंकज त्रिपाठी ने बताया कि वह पहले भी बिहार में फिल्मों की शूटिंग कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने पटना और छपरा जैसी जगहों पर ‘ओह माय डॉग’ की शूटिंग की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बिहार में शूटिंग करना चाहेंगे।

वहीं भोजपुरी फिल्मों को लेकर पंकज त्रिपाठी ने कहा कि भोजपुरी इंडस्ट्री की स्थिति फिलहाल बहुत अच्छी नहीं है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे चलकर वह भोजपुरी में एक अच्छी फिल्म बनाना चाहेंगे।

लंबे अंतराल के बाद ‘मुन्ना भैया’ बनकर लौटने में था डर

दिव्येंदु शर्मा ने ‘मिर्जापुर’ में मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में वापसी को लेकर भी अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि सीजन-2 के बाद लंबे अंतराल के चलते दोबारा मुन्ना भैया का किरदार निभाने को लेकर उनके मन में डर था। उन्हें चिंता थी कि क्या वह फिर उसी अंदाज में मुन्ना को निभा पाएंगे, जिसे दर्शकों ने पसंद किया था।

उन्होंने कहा कि किरदार में लौटने के लिए उन्होंने मुन्ना के पुराने बेसिक्स पर दोबारा काम किया। मेकअप और कॉस्ट्यूम के बाद जब उन्होंने खुद को आईने में देखा तो उन्हें महसूस हुआ कि वही पुराना मुन्ना वापस आ गया है। सेट पर पुराने कलाकारों और पहले जैसा माहौल मिलने से भी उन्हें किरदार में लौटने में काफी मदद मिली।

दिव्येंदु ने कहा कि एक अभिनेता को पानी की तरह होना चाहिए। जिस किरदार में उसे रखा जाए, उसे उसी के अनुसार खुद को ढाल लेना चाहिए। उन्होंने अपने अभिनय सफर में थिएटर की भूमिका को भी अहम बताया।

दिव्येंदु ने बिहार को बताया ‘कम्प्लीट स्टेट’

दिव्येंदु शर्मा ने बिहार के लोगों की समझ, मेहनत और ह्यूमर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार ऐसी जगह है, जहां के लोगों के पास काफी समझ और प्रतिभा है। उन्होंने बिहार के आध्यात्मिक महत्व का भी जिक्र किया।

दिव्येंदु के मुताबिक बिहार के लोग राजनीति और अन्य सामाजिक मुद्दों को लेकर काफी जागरूक हैं। उन्होंने यहां के लोगों के ह्यूमर की भी तारीफ की और कहा कि मेहनत के मामले में भी बिहार के लोगों की अलग पहचान है।

उन्होंने कहा कि आईएएस लॉबी से लेकर निर्माण कार्य में लगे मजदूरों तक बिहार के लोगों की मौजूदगी हर जगह देखने को मिलती है। इसी वजह से उन्होंने बिहार को ‘कम्प्लीट स्टेट’ बताया। दिव्येंदु ने कहा कि मौका मिलने पर वह बिहार में शूटिंग करना और बिहारी किरदार निभाना भी पसंद करेंगे।