मीसा भारती इतनी चल-अचल संपत्ति की हैं मालकिन, पति की आय भी 5 साल में बढ़ी

 

पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से आईएनडीआईए प्रत्याशी व राज्यसभा सदस्य डॉ. मीसा भारती की चल और अचल संपत्ति पांच सालों में बढ़ी है। उनके पति और एक बेटी की चल संपत्ति में भी इजाफा हुआ है। हालांकि एक बेटी की चल संपत्ति घटी है। 2019 के लोकसभा चुनाव के समय मीसा भारती के पास 1,18,34,736 रुपये की चल संपत्ति थी जो 2024 में बढ़कर 1,46,48,028 करोड़ रुपये हो गई।


इसी तरह उनकी अचल संपत्ति पांच साल पहले 1.10 करोड़ की थी जो वर्तमान में 1.79 करोड़ हो गई है। उनके पति के पास 2019 में 3.50 करोड़ की चल संपत्ति थी जो 2024 में करीब 4.69 करोड़ हो गई है।

मीसा भारती की दो पुत्रियों में से एक की चल संपत्ति 2019 की अपेक्षा 22 लाख से 5.82 लाख पर आ गई है जबकि दूसरी बेटी की 10.96 लाख से 17.43 लाख हो गई है। इनकी अचल संपत्ति क्रमश: 60 से 25 लाख बढ़कर 85 लाख और 41 लाख से बढ़कर 65 लाख हो गई है।

एमबीबीएस की शिक्षा ले चुकीं डॉ. भारती ने हलफनामा में अपना पेशा समाजसेवा और कृषि बताया है। करीब डेढ़ किलो सोना, चार किलो चांदी के अलावा इनके पास बेशकीमती रत्न भी हैं। इन्होंने शेयर मार्केट में भी निवेश कर रखा है। इन्होंने अपने पुत्र के पास कोई संपत्ति नहीं बताई है।