पांचवीं बार मंत्री बने मोहम्मद जमा खान, बोले- अल्पसंख्यकों की शिक्षा और रोजगार हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता

 
Bihar News: बिहार सरकार में एक बार फिर अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद मोहम्मद जमा खान ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में मंत्री पद का पदभार ग्रहण किया। पद संभालते ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की।

पदभार ग्रहण करने के बाद मंत्री मोहम्मद जमा खान ने पांचवीं बार मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री और विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करता रहेगा।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और छात्र कल्याण से जुड़ी योजनाओं को विभाग की प्राथमिकता बनाया जाएगा।

“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ”

मोहम्मद जमा खान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग के समग्र विकास के लिए विभाग आगे भी सक्रिय भूमिका निभाएगा और योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

अधिकारियों ने किया स्वागत

इस अवसर पर विभाग के निदेशक आमिर अफाक अहमद और अपर सचिव इबरार अहमद खान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।