जेल से बाहर आएंगे ‘मोकामा के बाहुबली’ अनंत सिंह- पटना में 3 लाख रसगुल्लों से होगा स्वागत, कल 50 KM रोड शो
पटना में होगा ‘ग्रैंड वेलकम’
जेल से बाहर आते ही अनंत सिंह सीधे पटना स्थित अपने विधायक आवास पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत के लिए भव्य आयोजन की तैयारी की गई है। खास बात यह है कि यहां करीब 3 लाख रसगुल्ले तैयार किए गए हैं।
भोज में पनीर की कई डिश, दाल, मिक्स वेज, पूड़ी-रोटी, लिट्टी, कचौड़ी और पुलाव जैसे व्यंजन शामिल होंगे। मिठाइयों में रसगुल्ले के साथ गुलाब जामुन भी परोसे जाएंगे।
हजारों समर्थकों के जुटने की उम्मीद
आवास पर बड़े पंडाल के साथ 1 से 1.5 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। गर्मी को देखते हुए पंखे और कूलर भी लगाए गए हैं। कार्यक्रम में 10 से 15 हजार समर्थकों के पहुंचने का अनुमान है।
कल मोकामा में शक्ति प्रदर्शन
रिहाई के अगले दिन यानी 24 मार्च को अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। करीब 50 किलोमीटर लंबा यह रोड शो बाढ़ से बड़हिया महारानी स्थान मंदिर तक जाएगा, जहां जगह-जगह समर्थक उनका स्वागत करेंगे।
शर्तों के साथ मिली जमानत
कोर्ट ने साफ किया है कि अगर अनंत सिंह गवाहों को प्रभावित करने या धमकाने की कोशिश करते हैं, तो उनकी जमानत तुरंत रद्द की जा सकती है। साथ ही हर सुनवाई में कोर्ट में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर 2025 को चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या के बाद 1 नवंबर को पुलिस ने अनंत सिंह को गिरफ्तार किया था। करीब चार महीने बाद अब उन्हें जमानत मिली है।