बिहार में मानसून का डबल अटैक! 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सुपौल-अररिया के लिए ऑरेंज चेतावनी

 

Bihar Weather News: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं, सक्रिय मानसून ट्रफ और ऊपरी वायुमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने बुधवार के लिए 10 जिलों में विशेष अलर्ट जारी किया है। सुपौल और अररिया में अत्यधिक बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, औरंगाबाद और किशनगंज के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

इन इलाकों में होगी तेज बारिश

मौसम विभाग के अनुसार आरा, गया, बेतिया, सुपौल और किशनगंज समेत कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। राजधानी पटना में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

वज्रपात और तेज हवाओं का भी खतरा

बारिश के साथ राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर बिहार के जिलों में दक्षिण बिहार की तुलना में अधिक बारिश होने के आसार हैं।

तापमान में मिलेगी राहत, लेकिन बरतें सावधानी

मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। हालांकि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि बारिश जहां गर्मी से राहत देगी, वहीं लापरवाही जानलेवा भी साबित हो सकती है।