मानसून की दस्तक से बिहार भीगा, दक्षिण और पूर्वी जिलों में 22 से 26 अगस्त तक गरज–चमक के साथ भारी बारिश की संभावना
22 से 26 अगस्त तक अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार 22 से 26 अगस्त तक राज्य के 18 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का खतरा रहेगा। इस दौरान नदियों में नहाने, तैरने और नाव चलाने से बचने की अपील की गई है।
पटना, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
पटना में सबसे ज्यादा बरसा पानी
बुधवार की शाम पटना सहित कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। राजधानी पटना में 15.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, संपतचक में सबसे अधिक 25.2 मिमी, फतुहा में 24.8 मिमी, दानापुर में 16.2 मिमी, फुलवारीशरीफ में 15.6 मिमी और बिहटा में 15 मिमी बारिश हुई।
इसके अलावा पूर्णिया, मुंगेर, बांका, औरंगाबाद, बक्सर, कटिहार, भोजपुर और जमुई जिलों में भी अच्छी बारिश रेकॉर्ड की गई।
मानसून ट्रफ से बढ़ी सक्रियता
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय मानसून ट्रफ रेखा बिहार से होकर गुजर रही है। इसके असर से राज्य में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 26 अगस्त तक सभी जिलों में मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। सबसे ज्यादा असर दक्षिण और उत्तर-पूर्वी जिलों में देखने को मिलेगा।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस दौरान अति भारी बारिश के साथ वज्रपात की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि अगले कुछ दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है, जिससे उमस से राहत मिलेगी।