बिहार में झमाझम बरस रहा मॉनसून, आज 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 
बिहार में मॉनसून की सक्रियता
बनी हुई है। पटना सहित प्रदेश भर में सोमवार को गरज-तड़क के साथ बारिश के आसार हैं। सोमवार को सभी जिलों में मेघ गर्जन के साथ बरसात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बीते 24 घंटों के भीतर बिहार में 23.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के 17 जिलों में शनिवार की सुबह से रविवार सुबह तक झमाझम बारिश हुई। बादलों की सक्रियता से राज्य भर में अब मॉनसून की बारिश में मात्र पांच प्रतिशत कमी रह गई है।
मौसमविदों के अनुसार, चंपारण और आसपास के क्षेत्रों के अलावा नेपाल की तराई वाले इलाकों से सटे जिलों में सोमवार को भी भारी बारिश के आसार हैं। राज्य से शेष जिलों में छिटपुट गतिविधि बनी रहेगी। वहीं, एक दिन बाद मंगलवार को दरभंगा, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और किशनगंज में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बांका के शंभुगंज में सर्वाधिक वर्षा 191.6 मिमी दर्ज की गई। वहीं रविवार को राजधानी पटना में 0.6 मिलीमीटर बारिश हुई। इस बीच बादलों से सूरज की लुकाछिपी दिन भर बनी रही।
पटना सहित 17 जिलों के अधिकतम तापमान में रविवार को आंशिक बढ़ोतरी हुई है। पटना का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 36.5 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। रविवार की सुबह पटना एवं आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश से मौसम सामान्य बना रहा। धूप निकलने के कारण शाम में उमस भरी गर्मी का प्रभाव बना रहा।