बिहार में सुस्त पड़ा मानसून, फिर बढ़ा गर्मी का कहर; 19 जिलों में हीट अलर्ट जारी
Bihar weather update: बिहार में समय से पहले पहुंचे मानसून ने शुरुआती दिनों में लोगों को गर्मी से राहत जरूर दिलाई थी, लेकिन अब मानसून की रफ्तार थमने से एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उत्तर और पूर्व बिहार के कुछ जिलों को छोड़ दें तो राज्य का अधिकांश हिस्सा इस समय चिलचिलाती धूप और लू जैसे हालात की चपेट में है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम और मध्य बिहार के कई जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। विभाग का अनुमान है कि दिन के तापमान में सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रात के समय भी उमस से राहत मिलने की संभावना कम है, जिससे लोगों की दिन और रात दोनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
लू और अत्यधिक गर्मी को लेकर पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा समेत 19 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सामान्य तौर पर मानसून के आगमन के बाद लगातार बारिश और बादलों की मौजूदगी से तापमान नियंत्रित रहता है, लेकिन इस बार स्थिति अलग है। 11 जून को समय से पहले बिहार पहुंचा मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है। मानसून ट्रफ लाइन की सक्रियता कम होने के कारण बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं। इसके चलते आसमान साफ है और पछुआ हवाएं वातावरण को और अधिक गर्म बना रही हैं।
राजधानी पटना में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। आंशिक बादलों के बावजूद बारिश की कोई मजबूत संभावना नहीं दिख रही है। उमस और गर्मी का डबल अटैक लोगों को बेहाल कर रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल लोगों को कुछ और दिनों तक गर्मी की मार झेलनी पड़ सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लू से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।