मोतिहारी पुलिस का भ्रष्टाचार पर बड़ा वार: एसपी ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, अब सीधे व्हॉट्सएप पर करें रिश्वत की शिकायत

 

Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए आम लोगों के लिए विशेष शिकायत व्यवस्था शुरू की है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रिश्वतखोरी और बिचौलिया संस्कृति पर रोक लगाने के उद्देश्य से एक समर्पित मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर जारी किया है, जिस पर लोग सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पुलिस पदाधिकारी, कर्मचारी या किसी सरकारी कार्य के बदले कोई दलाल रिश्वत की मांग करता है, तो नागरिक सबूत के साथ सीधे शिकायत भेज सकते हैं। इसके लिए 9031827100 नंबर जारी किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत जिले के लोग इस नंबर पर कॉल करने के साथ-साथ व्हाट्सएप के जरिए ऑडियो, वीडियो, फोटो या अन्य दस्तावेज साझा कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत मिलने पर त्वरित जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि कई बार लोग पहचान उजागर होने के डर से शिकायत नहीं कर पाते। इसे ध्यान में रखते हुए शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की व्यवस्था की गई है ताकि लोग बिना डर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचा सकें। मोतिहारी पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। एसपी ने कहा कि रिश्वत लेना और देना दोनों कानूनन अपराध हैं और पुलिस विभाग पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पहल को जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।