बारिश में सड़क पर उतरे गया नगर आयुक्त, जलजमाव और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
Gaya News: लगातार हो रही बारिश के बीच गया नगर निगम ने शहर में सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार सुबह नगर आयुक्त डॉ. गगन स्वयं बारिश के बीच शहर की सड़कों पर उतरे और विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-37 समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर साफ-सफाई, नालियों की स्थिति और जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ उप नगर आयुक्त, स्वच्छता शाखा के अधिकारी, संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के सदस्य भी मौजूद रहे।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान डॉ. गगन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी वार्डों में लगातार निगरानी रखने और जहां भी कचरा, गंदगी या नालियों में अवरोध मिले, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जलजमाव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने का आदेश
नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी इलाके में पानी जमा न रहने पाए और जलनिकासी व्यवस्था हर हाल में सुचारु बनी रहे। यदि कहीं से शिकायत मिले तो टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करे।
QRT को 24×7 अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
बारिश के मौसम को देखते हुए नगर आयुक्त ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को चौबीसों घंटे अलर्ट रहने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर को स्वच्छ रखना और नागरिकों को जलजमाव से राहत दिलाना है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में रहकर लगातार निगरानी करें।
लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
डॉ. गगन ने दो टूक कहा कि बारिश चाहे जितनी भी हो, शहर की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि मानसून के दौरान शहरवासियों को राहत पहुंचाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।