नवादा को मिली बड़ी सौगात, केंद्रीय विद्यालय की जमीन रजिस्ट्री पूरी, कृषि फार्म के पास बनेगा कैंपस
Bihar News: बिहार के नवादा जिले के छात्रों और अभिभावकों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने की ओर है। जिले में केंद्रीय विद्यालय स्थापना की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चिन्हित भूमि का हस्तांतरण पूरा कर लिया गया है और जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया भी संपन्न हो गई है। विद्यालय का निर्माण कृषि फार्म के समीप प्रस्तावित स्थल पर किया जाएगा।
नवादा के भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने इसे नवादा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि लगातार प्रयास और समन्वय के बाद केंद्रीय विद्यालय स्थापना का रास्ता लगभग साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि बची हुई प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी जल्द पूरी कर ली जाएंगी। केंद्रीय विद्यालय शुरू होने के बाद जिले के छात्र-छात्राओं को सीबीएसई पाठ्यक्रम आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन, प्रशिक्षित शिक्षक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को भी मजबूती मिलेगी और शिक्षा के लिए बाहर जाने की निर्भरता कम होगी।
इस उपलब्धि पर सांसद विवेक ठाकुर ने केंद्र सरकार, बिहार सरकार और नवादा जिला प्रशासन के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में जिले के विकास के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। केंद्रीय विद्यालय बनने से नवादा शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और शिक्षा प्रेमियों ने इसे जिले के भविष्य के लिए बड़ा कदम बताया है। अब लोगों की नजर विद्यालय निर्माण और संचालन की अगली प्रक्रिया पर टिकी है।