बक्सर में NDA का दमदार शक्ति प्रदर्शन: कन्हैया प्रसाद के समर्थन में उतरे श्रवण कुमार, जीत का किया बड़ा दावा

 
Bihar political news: भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी माहौल तेज हो गया है। NDA प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद के समर्थन में मंगलवार को बक्सर जिले के भदवर, चौगाई और इटाढ़ी प्रखंडों में जोरदार चुनावी बैठकों का आयोजन किया गया, जहां गठबंधन नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए जीत का दावा ठोक दिया।

इन बैठकों का नेतृत्व जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने किया। कार्यक्रम में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे NDA की चुनावी ताकत का प्रदर्शन साफ नजर आया।

आपकी आवाज सदन तक पहुंचे, इसलिए सही प्रतिनिधि चुनें

सभा को संबोधित करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि विधान परिषद में ऐसा प्रतिनिधि होना चाहिए जो पंचायत स्तर की आवाज को मजबूती से उठा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्ताधारी दल का उम्मीदवार जीतने से क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आती है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सीधा लाभ मिलता है।

गोलबंदी तेज, नेताओं ने झोंकी ताकत
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला ने कहा कि कन्हैया प्रसाद की जीत कार्यकर्ताओं और जमीनी स्तर पर काम करने वाले जनप्रतिनिधियों की जीत होगी। वहीं एमएलसी खालिद अनवर और विधायक राहुल सिंह ने भी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए NDA के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद
बैठकों में जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। नेताओं ने अपील की कि क्षेत्र के समग्र विकास और पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान के लिए कन्हैया प्रसाद को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाएं।

इस दौरान जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भीड़ और उत्साह को देखते हुए इस सीट पर NDA का पलड़ा फिलहाल मजबूत नजर आ रहा है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।