NEET-UG 2026: बिहार के आयुष भालोटिया ने किया कमाल, AIR-4 हासिल कर देशभर में बढ़ाया राज्य का मान
Bihar news: बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज के रहने वाले आयुष भालोटिया ने NEET-UG 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। आयुष ने 720 में से 710 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4 प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आयुष ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर न सिर्फ बिहार में शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सेवा भावना से देश का नाम रोशन करेंगे।
आयुष, सुनील कुमार भालोटिया के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा वारिसलीगंज के एक निजी विद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने पूरी एकाग्रता के साथ NEET-UG की तैयारी की। नियमित पढ़ाई, मॉक टेस्ट, रिवीजन और गलतियों का लगातार विश्लेषण उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रही।
सीमित संसाधनों के बावजूद आयुष ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि बिहार ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों के उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
NEET-UG 2026 के टॉप-10 रैंकर्स
* AIR-1: आर्यन गुप्ता (715 अंक)
* AIR-2: पांशुल बंसल
* AIR-3: उपलक्ष्य गोयल
* AIR-4: आयुष भालोटिया (बिहार)
* AIR-5: कुडाले श्रावणी कृष्णा
* AIR-6: रिया रंजन
* AIR-7: आर्यन दुबे
* AIR-8: गीतांश सरिन
* AIR-9: गौरव सिंह
* AIR-10: मोहानिश मारुति भोसले
आयुष भालोटिया की यह सफलता बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मिसाल बन गई है। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।