ना सोना है, ना सोने देना है; सम्राट चौधरी ने अफसरों से कहा- ना खाना है, ना खाने देना है
Bihar news: बिहार के गया में मुख्यमंत्री संम्राट चौधरी ने अधिकारियों से दो टूक लहजे में कहा है कि बिहार को विकसित और समृद्ध बनाने का सपना पूरा करना है तो हमें 24 घंटों में 20 घंटे काम करना पड़ेगा। पहले ही हमारा राज्य 15 साल पीछे जा चुका है। उसकी भरपाई के लिए तेजी से और अधिक समय देकर काम करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हमें हर हाल में बिहार को बदलना है।
सोमवार को गया जी में सीएम सम्राट चौधरी ने 170 करोड़ की लागत से टेक्नोलॉजी सेंटर का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बिहार तबतक ठीक से नहीं बदलेगा जबतक उद्योगों का तेजी से विकास नहीं है। उद्योग और प्रशासनिक व्यवस्था ठीक नहीं होगी तबतक बिहार में बदलाव नहीं आएगा। इसलिए अब सोने का समय खत्म हो गया। हमारे राज्य में दूसरे राज्यों की तुलना में 15 साल का गैप है क्योंकि, नीतीश कुमार से पहले इतने दिनों तक हम लोग सोते रहे। अब तेजी से काम करना है। सम्राट चौधरी ने इशारों में 15 सालों के लालू यादव और रबड़ी देवी के मुख्यमंत्री काल में राजद के शासन पर तंज कसा।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिहार में अपराधी अब नहीं बचेंगे। अधिकांश अपराधी बिहार छोड़कर निकल चुके हैं। जो बचे हैं उनके बारे में आप लोग जानकारी देते रहिए। पुलिस उनका इलाज कर देगी। हमे पूरी व्यवस्था को बदल देना है। इसके लिए एनडीए की सरकार पूरी क्षमता से काम कर रही है। अधिकारी राज्य को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत से काम करें।
सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल बनवाया जाएगा जहां शिक्षा की व्यवस्था ऐसी कराई जाएगी कि नेता और अफसर अपने बच्चों का एडमिशन कराने पहुंचें। वहां पढ़ाई की व्यवस्था इस प्रकार से तैयार की जाएगी कि किसी को कोचिंग या ट्यूशन की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। सभी कोचिंग बंद हो जाएंगे, सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है।
मुख्य मंत्री ने कहा कि पूर्व सीएम सम्राट चौधरी ने ट्रिपल सी को खत्म करने का निर्णय लिया था। सरकार इसे आगे बढ़ाएगी। क्राइम, करप्शन और कम्यनलिज्म के साथ कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस को निर्देश है कि कांड होने के 48 घंटों में पुलिस की कार्रवाई दिखनी चाहिए। पुलिस बदमाशों का उसी अंदाज में इलाज कर रही है। यह सिलसिला आगे भी ऐसे ही चलता रहेगा।