“राशन सिस्टम में पारदर्शिता का नया अध्याय”- बिहार दिवस पर BSFC का हाईटेक स्टॉल, मौके पर ही समस्याओं का समाधान

गांधी मैदान में लगा जागरूकता स्टॉल, NFSA से लेकर e-KYC और GPS ट्रैकिंग तक की पूरी जानकारी एक ही जगह
 
Bihar news: बिहार दिवस 2026 के भव्य आयोजन के बीच आम लोगों के लिए एक खास पहल सामने आई है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के तहत बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (BSFC) ने पटना के गांधी मैदान में एक आधुनिक और जागरूकता आधारित स्टॉल स्थापित किया है, जो लोगों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

इस स्टॉल का उद्घाटन निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार द्वारा किया गया। यह स्टॉल 24 मार्च तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा, जहां लोग अपनी समस्याओं का समाधान भी पा सकते हैं और योजनाओं की पूरी जानकारी भी ले सकते हैं।

एक ही जगह पर पूरी जानकारी
इस स्टॉल में सरकार की खाद्यान्न वितरण प्रणाली (PDS) को पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों को विस्तार से दिखाया जा रहा है। यहां राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), राशन कार्ड धारकों के लिए e-KYC प्रक्रिया, धान-गेहूं की खरीद प्रणाली और GPS आधारित ट्रैकिंग जैसी सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।

खास बात यह है कि यहां केवल जानकारी ही नहीं, बल्कि मौके पर मौजूद अधिकारी लोगों की समस्याएं सुनकर तत्काल समाधान भी सुझा रहे हैं।

जनता से सीधा संवाद
स्टॉल पर आए लोगों को राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण और योजनाओं से जुड़ी हर जानकारी सरल भाषा में समझाई जा रही है। इसके साथ ही पात्रता, लाभ और प्रक्रियाओं को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है।

पारदर्शिता और भरोसे की पहल
विभाग का मानना है कि ऐसी पहल से न केवल सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि आम लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।

बिहार दिवस पर खास संदेश
बिहार दिवस के इस आयोजन में लगाया गया यह स्टॉल साफ संकेत देता है कि सरकार अब तकनीक और पारदर्शिता के जरिए जनसेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।