सकरी और रैयाम में खुलेगी नई सहकारी चीनी मिल, मुख्य सचिव का बड़ा निर्देश
Bihar news: बिहार में सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। गुरुवार को हुई राज्य सहकारी विकास समिति की पांचवीं बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सकरी और रैयाम में नई सहकारी चीनी मिल खोलने का निर्देश दिया है। इससे किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है और गन्ना उत्पादकों को बेहतर बाजार मिल सकेगा।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव ने की। इस दौरान सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए।
पैक्स में माइक्रो एटीएम और बैंकों में सरकारी फंड
मुख्य सचिव ने कहा कि पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समितियों) में माइक्रो एटीएम की सुविधा दी जाए, ताकि गांवों में ही बैंकिंग सेवाएं आसानी से मिल सकें।
इसके साथ ही सहकारी बैंकों में सरकारी फंड रखने का भी निर्देश दिया गया, जिससे बैंकों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
अन्न भंडारण योजना और समितियों का पंजीकरण
बैठक में विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना को बेहतर ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया। सभी सहकारी समितियों का पंजीकरण समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे।
डेयरी समितियों के पंजीकरण पर जोर
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव पंकज कुमार बंसल ने कहा कि राज्य में जो डेयरी सहयोग समितियां अब तक पंजीकृत नहीं हुई हैं, उन्हें जल्द से जल्द निबंधित कराया जाए। इससे दुग्ध उत्पादकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
किसानों को ज्यादा ऋण देने की योजना
बैठक में पैक्स के माध्यम से किसानों को अधिक ऋण देने, ऋण वसूली के लिए लक्ष्य तय करने और स्वयं सहायता समूह, जेएलजी और डीएससी को सहकारी बैंकों से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। इसका मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और व्यवसाय को बढ़ावा देना है।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक रजनीश कुमार सिंह सहित योजना, वित्त, राजस्व, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्योग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार का कहना है कि इन फैसलों से सहकारी व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों, पशुपालकों व ग्रामीण लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।