दिवाली-छठ पर यात्रियों को बड़ी राहत, नई दिल्ली-पटना वंदे भारत में बढ़े 4 कोच

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़े फैसले लिए हैं. नई दिल्ली-पटना वंदे भारत त्योहार स्पेशल में अब 16 की जगह 20 कोच लगाए जाएंगे
 

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़े फैसले लिए हैं. नई दिल्ली-पटना वंदे भारत त्योहार स्पेशल में अब 16 की जगह 20 कोच लगाए जाएंगे. इसके अलावा दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) ने चारलापल्ली-रक्सौल और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने चंडीगढ़-पूर्णिया जंक्शन के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. दिवाली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़े कदम उठाए हैं.

इसी कड़ी में उत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने कई महत्वपूर्ण बदलावों और नई स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया है. रेलवे के इन फैसलों से न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर से पटना जाने वाले यात्रियों को वंदे भारत में अब ज्यादा सीटें मिलेंगी, बल्कि दक्षिण भारत और पंजाब-हरियाणा से बिहार जाने वाले प्रवासियों के लिए भी राह आसान हो जाएगी.

उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली से पटना जंक्शन के बीच चलने वाली वंदे भारत स्पेशल ट्रेन की क्षमता बढ़ा दी है. ट्रेन संख्या 02252 और 02251 नई दिल्ली-पटना जंक्शन-नई दिल्ली वंदे भारत त्योहार स्पेशल ट्रेन को अब 16 कोच की जगह 20 कोच से चलाने का फैसला लिया गया है. नई दिल्ली से यह व्यवस्था 9 नवंबर 2026 से और पटना जंक्शन से 10 नवंबर 2026 से लागू होगी. कोचों की संख्या बढ़ने से सैकड़ों अतिरिक्त यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सकेगी.