‘जीरो टॉलरेंस’ के साथ मैदान में उतरे नए आईजी विकास वैभव, बोलें- थाना में FIR नहीं लेने वालों पर होगी कार्रवाई

 

Gaya: मोक्ष और ज्ञान की भूमि गयाजी में एक बार फिर चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव की वापसी हुई है। मंगलवार को उन्होंने मगध प्रमंडल रेंज के आईजी के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। गया पहुंचते ही प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सर्किट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद वे मगध प्रमंडल रेंज कार्यालय पहुंचे और विधिवत पदभार संभाला।
आईजी कार्यालय पहुंचने पर राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता एवं बुके देकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। विकास वैभव की नियुक्ति को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला, क्योंकि वे पहले भी गया और मगध क्षेत्र में अपनी कार्यशैली से खास पहचान बना चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आईजी विकास वैभव ने साफ शब्दों में कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अपराध नियंत्रण और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बहाल करना है। उन्होंने कहा, “मेरा सौभाग्य है कि मुझे पुनः मोक्ष और ज्ञान की भूमि गया में सेवा देने का अवसर मिला है। सरकार की जो पहली प्राथमिकता है, अपराध पर नियंत्रण और जनता का विश्वास बढ़ाना, उसी दिशा में पूरी मजबूती से काम किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में निष्पक्षता सबसे जरूरी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना में आवेदन नहीं लेने और एफआईआर दर्ज नहीं करने के सवाल पर उन्होंने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी पीड़ित की शिकायत नहीं सुनी जाती है तो यह गंभीर मामला माना जाएगा।
आईजी विकास वैभव ने कहा, “मेरी पहली ही प्राथमिकता जीरो टॉलरेंस की रही है। अगर कोई व्यक्ति थाना में एफआईआर दर्ज कराने जाता है तो प्राथमिकी हर हाल में दर्ज होनी चाहिए। अगर ऐसी शिकायत हमें मिलती है कि आवेदन नहीं लिया गया या पीड़ित को परेशान किया गया, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई निश्चित तौर पर की जाएगी।”
उन्होंने पुलिस विभाग में फैले भ्रष्टाचार और अवैध वसूली पर भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि अगर पुलिसकर्मियों द्वारा किसी प्रकार की अवैध वसूली की शिकायत सामने आती है तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इतना ही नहीं, यदि किसी थाना प्रभारी की संलिप्तता भी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया ने जब बेगूसराय कोर्ट के उस आदेश को लेकर सवाल पूछा, जिसमें उनके नाम का उल्लेख करते हुए जांच की बात कही गई थी, तब आईजी विकास वैभव ने कहा कि न्यायालय के आदेश का वे पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक आदेश उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन यदि न्यायालय उन्हें जांच की जिम्मेदारी सौंपता है तो वे पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपना दायित्व निभाएंगे।

आईजी विकास वैभव ने मगध क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि लोग निर्भीक होकर अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखें। पुलिस हर संभव सहायता करेगी और अगर कहीं पुलिस की ओर से लापरवाही या अन्याय की शिकायत मिलेगी तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।