तारापुर में विकास की नई तस्वीर: शिक्षा से पुलिस व्यवस्था तक CM सम्राट चौधरी ने दी कई बड़ी सौगातें, B.Ed कॉलेजों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज
Munger: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान शिक्षा और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कई उच्च विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय लौना, असरगंज, हवेली खड़गपुर और संग्रामपुर समेत विभिन्न विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया। वहीं, हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का लोकार्पण और असरगंज के जलालाबाद स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत भी की गई।
B.Ed कॉलेजों में खुलेंगे डिग्री कॉलेज, शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का ऐलान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी B.Ed कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज शुरू किए जाएंगे। सरकारी स्कूलों में शनिवार को हाफ-डे पढ़ाई की व्यवस्था करने की बात भी कही गई, ताकि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक प्रखंड में लाइव क्लास की सुविधा विकसित की जाएगी। डिजिटल माध्यम से छात्र रात 11 बजे तक शिक्षकों से मार्गदर्शन ले सकेंगे। सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के जरिए दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक बेहतर शिक्षा पहुंचाना है।
तारापुर में उद्योग और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट की तैयारी
तारापुर के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के विकास की दिशा में भी काम शुरू किया जा रहा है। एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से मुंगेर और तारापुर के विकास को नई गति मिलेगी।
सरकार का मानना है कि औद्योगिक गतिविधियों और बेहतर कनेक्टिविटी के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र आर्थिक रूप से और मजबूत होगा।
‘सात निश्चय-3’ के तहत हर प्रखंड में उच्च शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सात निश्चय-3’ के तहत सरकार का लक्ष्य राज्य के हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में पहले शुरू किए गए 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों के बाद असरगंज कॉलेज के शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी बेहतर तरीके से कर सकें।
मॉडल थाना में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
हरपुर में नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस भवनों के जरिए आम लोगों को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मॉडल थाना में जनसुनवाई, महिला एवं बाल सुविधा कक्ष, डिजिटल कंट्रोल रूम और निगरानी कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आधुनिक पुलिस अवसंरचना से पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद और मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।