भारत-नेपाल संसदीय संबंधों को नई मजबूती: मधेश प्रदेश के अध्यक्ष ने की बिहार विधानसभा अध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई सार्थक चर्चा
बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों, संसदीय परंपराओं और आपसी सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।
मधेश प्रदेश के अध्यक्ष ने डॉ. प्रेम कुमार को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने पारंपरिक पटका और गयाजी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
बिहार विधानसभा लाइब्रेरी की सराहना
श्री यादव ने बिहार विधानसभा की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए यहां की लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया। उन्होंने सुव्यवस्थित व्यवस्था, समृद्ध संदर्भ सामग्री और आधुनिक सुविधाओं की प्रशंसा की।
उन्होंने बताया कि मधेश प्रदेश की विधानसभा नव-निर्मित है और वहां एक आधुनिक एवं सुसज्जित लाइब्रेरी स्थापित की जानी है। इस दिशा में बिहार विधानसभा की लाइब्रेरी को मॉडल के रूप में अपनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि जनप्रतिनिधियों और शोधार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
ऐतिहासिक संबंधों को मिलेगा नया आयाम
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्ते अत्यंत प्रगाढ़ हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों विधानसभाओं के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान भविष्य में भी जारी रहेगा।
यह मुलाकात भारत-नेपाल संसदीय सहयोग को नई ऊर्जा देने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।