बिहार के सरकारी स्कूलों में नई व्यवस्था, अब तय संख्या में रोज़ मौजूद रहेंगे शिक्षक
बिहार सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मज़बूत बनाने और स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है।
हर दिन तय संख्या में शिक्षक होंगे मौजूद
नए नियम के मुताबिक अब प्राथमिक विद्यालयों में कम से कम 3 शिक्षक और मध्य विद्यालयों में कम से कम 5 शिक्षक रोज़ाना मौजूद रहना अनिवार्य होगा। अगर तय संख्या से कम शिक्षक उपस्थित पाए गए, तो संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि 30 सितंबर तक शिक्षकों की उपस्थिति रिपोर्ट मुख्यालय को अनिवार्य रूप से सौंपें।
छुट्टी पर अब लगेगी रोक
विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई शिक्षक एक साथ छुट्टी पर चले जाते हैं, जिससे कक्षाएं प्रभावित होती हैं और बच्चों की पढ़ाई अधर में लटक जाती है। अब नई व्यवस्था के तहत एक साथ 2 से 5 शिक्षक छुट्टी पर नहीं जा सकेंगे।
परीक्षा परिणाम भी घोषित करने की तैयारी
इसी बीच, 10 से 18 सितंबर तक आयोजित अर्द्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम 27 सितंबर को जारी किया जाएगा। यह रिज़ल्ट पेरेंट्स-टीचर्स मीटिंग (PTM) में अभिभावकों को उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस प्रक्रिया से अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई की स्थिति को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे।