Darbhanga Airport पर जल्द शुरू हो सकती है नाइट लैंडिंग, कोहरे में भी विमानों की आवाजाही होगी आसान
Darbhanga: दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान भरने और यहां उतरने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. Darbhanga Airport पर जल्द ही नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने की संभावना है. इसके लिए आवश्यक तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं.
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, नाइट लैंडिंग के लिए आधुनिक एयरफील्ड लाइटिंग सिस्टम, बेहतर नेविगेशन उपकरण और सुरक्षा मानकों को अपग्रेड किया जा रहा है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद रात के समय भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव होगी. खास बात यह है कि घने कोहरे के दौरान भी विमानों के संचालन में परेशानी नहीं होगी, जिससे सर्दियों के मौसम में उड़ानों के रद्द होने की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी.
भाजपा सांसद और लोकसभा में पार्टी के सचेतक गोपालजी ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर इस मामले को प्रमुखता से उठाया है.
रक्षा राज्य मंत्री से की विशेष मुलाकात
सांसद गोपालजी ठाकुर ने गुरुवार देर शाम केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा जल्द शुरू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि एयरफोर्स स्टेशन से जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रात्रिकालीन उड़ानों का संचालन शुरू किया जा सकता है.
सांसद ने बताया कि नाइट लैंडिंग के लिए आवश्यक अधिकांश आधारभूत संरचनाओं का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. ऐसे में अब यात्रियों को इस सुविधा का लाभ दिलाने के लिए संबंधित प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की जरूरत है.
कोहरे के मौसम में मिलेगी बड़ी राहत
दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों को हर साल सर्दियों में कोहरे और कम दृश्यता की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई बार उड़ानें रद्द करनी पड़ती हैं या दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करनी पड़ती हैं.
नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के बाद ऐसी समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है. इससे यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद हो सकेगी.
सांसद ने रक्षा राज्य मंत्री को बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट पर 912 करोड़ रुपये की लागत से नए सिविल इंक्लेव का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है. यह परियोजना पूरी होने के बाद एयरपोर्ट की क्षमता और सुविधाओं में बड़ा विस्तार होगा.
नया टर्मिनल बनने और नाइट लैंडिंग शुरू होने से दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के प्रमुख हवाई केंद्रों में शामिल हो सकता है. इसका लाभ दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल और आसपास के जिलों के लाखों यात्रियों को मिलेगा.
जल्द सकारात्मक पहल का मिला आश्वासन
गोपालजी ठाकुर के अनुसार रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है. अब यात्रियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा कब तक शुरू होती है.