निशांत ने बीच सड़क पर गाड़ी रोककर ललन सिंह से की मुलाकात, लिया आशीर्वाद, सियासी हलचल तेज
Bihar news: राजधानी पटना में सोमवार को एक दिलचस्प राजनीतिक दृश्य देखने को मिला, जब पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का काफिला अचानक शहर के. पी. मंडल चौक पर आमने-सामने आ गया। इस अप्रत्याशित मुलाकात ने राहगीरों और राजनीतिक हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे दोनों नेताओं का काफिला चौक पर पहुंचा। काफिले के आमने-सामने आने के बाद दोनों नेता अपनी-अपनी गाड़ियों से बाहर निकले और एक-दूसरे का अभिवादन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने निशांत कुमार का हालचाल जाना, जबकि निशांत कुमार ने उनका आशीर्वाद लिया। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक आत्मीय बातचीत भी हुई। बातचीत के दौरान आसपास मौजूद लोगों और समर्थकों की नजरें इस मुलाकात पर टिकी रहीं। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि इसे एक अनायास हुई भेंट के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन बिहार की राजनीति में इसकी अपनी अहमियत मानी जा रही है। ललन सिंह जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और नीतीश कुमार के करीबी सहयोगियों में उनकी गिनती होती है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में निशांत कुमार की सार्वजनिक गतिविधियां बढ़ी हैं। वे कई सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आए हैं तथा समय-समय पर राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी राय रखते रहे हैं। लगातार उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों का दौर जारी था तो उसी दौरान बिहार में सत्ता परिवर्तन हुआ और निशांत को मंत्री बना दिया गया। इसी महीने में एमएलसी भी निर्वाचित हुए हैं, उनकी बढ़ती सार्वजनिक मौजूदगी और राजनीतिक कार्यक्रमों में सहभागिता को लेकर बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हैं।