शपथ के बाद फुल एक्शन में नीतीश! हाजीपुर की उस फैक्ट्री में पहुंचे जहां रूस के सैनिकों के लिए बनते हैं बूट
Bihar news: शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के हाजीपुर के इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा किया और वहां स्थित तीन महत्वपूर्ण यूनिट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीधे ग्राउंड पर जाकर उत्पादन प्रक्रिया देखी और कर्मचारियों से बातचीत भी की।
सबसे खास रहा रूस के सैनिकों के लिए तैयार होने वाले स्पेशल बूट्स की फैक्ट्री का निरीक्षण। यह यूनिट 2018 में हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र में शुरू हुई थी और आज यहां 300 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं, जिनमें करीब 70% महिलाएं शामिल हैं। यही महिलाएं रूस की सेना के लिए तैयार किए जाने वाले हाई-ग्रेड बूट्स बनाती हैं।
रूसी पक्ष की ओर से मांग की जाती है कि बूट हल्के, फिसलन-रोधी हों और -40°C तक के अत्यधिक ठंडे तापमान में भी आरामदायक व टिकाऊ साबित हों। कंपनी पिछले साल 15 लाख जोड़ी बूट्स का एक्सपोर्ट कर चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये बताई जाती है। “Made in Bihar” टैग वाले ये बूट्स अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में हैं।
मुख्यमंत्री ने इस यूनिट के अलावा चीटर (फुटवियर कंपोनेंट) बनाने वाली एक अन्य फैक्ट्री और बिस्कुट निर्माण करने वाली कंपनी का भी निरीक्षण किया। दौरे के दौरान उन्होंने कर्मचारियों व प्रबंधन से उत्पादन, रोजगार और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत बातचीत की। अधिकारियों का पूरा दल भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहा।
औद्योगिक विकास को लेकर नीतीश कुमार के इस अचानक दौरे को बिहार में निवेश और रोजगार बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।