दिल्ली रवाना हुए नीतीश कुमार, आज नए सरकारी आवास में करेंगे गृह प्रवेश; सियासी हलकों में बढ़ी हलचल
Bihar News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार शुक्रवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वह स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट से राजधानी पहुंचे, जहां आज अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश की रस्म पूरी करेंगे। उनके साथ जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और पार्टी नेता ललन सराफ भी दिल्ली गए हैं।
दिल्ली दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्यसभा सदस्य के रूप में आवंटित नए सरकारी आवास में प्रवेश करना है। नीतीश कुमार को लुटियंस दिल्ली के हाई-प्रोफाइल इलाके 9, सुनहरी बाग रोड पर टाइप-8 श्रेणी का सरकारी बंगला मिला है। यह श्रेणी देश के वरिष्ठ नेताओं और उच्च संवैधानिक पदों पर आसीन हस्तियों को उपलब्ध कराए जाने वाले सरकारी आवासों में शामिल है।
गृह प्रवेश के अवसर पर पूजा-पाठ का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में जेडीयू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
नीतीश कुमार का नया आवास राजधानी दिल्ली के सबसे सुरक्षित और महत्वपूर्ण इलाकों में स्थित है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सरकारी आवास भी इसी क्षेत्र में हैं। ऐसे में इस आवास को राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न होने के बाद नीतीश कुमार शाम तक पटना लौट सकते हैं। हालांकि उनका यह दौरा अल्पकालिक है, लेकिन नए सरकारी आवास में प्रवेश और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने बिहार से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है।