जदयू प्रदेश कार्यालय से '2025 से 2030 फिर से नीतीश', सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे से पहले हटाये गए पोस्टर
बता दें, '2025 से 2030 फिर से नीतीश' के जरिए पार्टी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व और उनके शासन मॉडल को जनता के सामने प्रमुखता से रखा था. लेकिन अब अचानक इन पोस्टरों का हटना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है. दरअसल, नीतीश कुमार कल 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक के बाद इस्तीफा दे सकते हैं. ऐसे में उनके इस्तीफे से पहले जदयू दफ्तर के बाहर यह पोस्टर हटाया गया है. वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही जदयू दफ्तर के बाहर एक नया पोस्टर लग सकता है, जिसमें नीतीश कुमार और निशांत की फोटो के साथ कुछ नए स्लोगन दिए जा सकते हैं.
बता दें, बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो चुकी है. माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं और 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है. ऐसे में जदयू कार्यालय से पोस्टर हटाना इस पूरे सियासी घटनाक्रम का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है. हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लेकिन जिस तरह से तेजी से घटनाएं बदल रही हैं, उससे साफ है कि आने वाले 24 से 48 घंटे बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं.