सियासी हलचल के बीच नीतीश कुमार का अचानक हाजीपुर दौरा, नई सरकार के बीच बढ़ी अटकलें

 
Hajipur News: बिहार की राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अचानक पटना स्थित आवास से निकलकर हाजीपुर रवाना होना सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। उनके साथ कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद बताए जा रहे हैं।

अचानक दौरे से बढ़ी हलचल

सूत्रों के अनुसार, हाजीपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री विकास कार्यों का निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि, मौजूदा सियासी हालात को देखते हुए उनके इस अचानक दौरे को सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।

नई सरकार के गठन को लेकर चल रही बैठकों और मंथन के बीच इस दौरे ने कई नई अटकलों को जन्म दे दिया है।

बैठकों का दौर जारी

इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, मंत्री जमा ख़ान और वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव के साथ करीब एक घंटे तक अहम बैठक हुई।

बैठक में सरकार गठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कल जदयू विधायक दल की बैठक

सूत्रों के मुताबिक, जदयू विधायक दल की अहम बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।

निशांत कुमार की भूमिका पर नजर

नई सरकार में निशांत कुमार की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज है। पार्टी के कई नेता चाहते हैं कि उन्हें सक्रिय राजनीति में लाकर सरकार में जिम्मेदारी दी जाए। बिहार में सत्ता परिवर्तन से पहले जदयू के भीतर मंथन तेज हो गया है और हर गतिविधि के साथ सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं।