न घर, न गाड़ी... बांकीपुर के भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा की संपत्ति जानकर रह जाएंगे हैरान

 

Bihar News: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने सोमवार (13 जुलाई) को अपना नामांकन दाखिल किया. इस बीच नीरज का हलफनामा सामने आया है. इसमें उनके पास न घर, न गाड़ी और न ही कोई आपराधिक मामला सामने आया है. नीरज सिन्हा ने पटना कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल किया है.

हलफनामे के अनुसार नीरज सिन्हा विरुद्ध किसी भी थाने या न्यायालय में कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं है. नीरज ने 2012 में हाई स्कूल गोना से मैट्रिक (बिहार बोर्ड) उत्तीर्ण की थी. इसके बाद 2024 में मगध महाविद्यालय, सकुराबाद, जहानाबाद से स्नातक की डिग्री हासिल की है.

नीरज कुमार के पास न तो अपना घर है और न ही कोई वाहन है. उनकी कुल संपत्ति 20 लाख 28 हजार 554 रुपये है. वहीं चल संपत्ति 12,28,554.74 रुपये है. चल संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा उनके बैंक खातों में जमा है. उनका मुख्य बैंक खाता SBI, मीठापुर, पटना शाखा में है, जिसमें 8,99,704.74 रुपये जमा हैं. इसके अलावा उनका एक अन्य खाता UCO Bank एजी ऑफिस ब्रांच पटना में है, जिसमें 25 हजार रुपये जमा हैं.

नीरज कुमार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 6.71 लाख रुपये, 2025-26 में 4.97 लाख रुपये तथा 2024-25 में 4.89 लाख रुपये की आय घोषित की है. नीरज सिन्हा का प्रमुख आय स्त्रोत कृषि और व्यापार है. वहीं आभूषणों में उनके पास 1 लाख 32 हजार रुपये की सोने की चेन, 4 ग्राम सोने की अंगूठी और 200 ग्राम चांदी है.

32 वर्षीय नीरज कुमार के शपथपत्र के अनुसार वह अविवाहित हैं. उनका स्थायी पता मीठापुर बी एरिया, पोस्ट ऑफिस के पास है और मतदाता सूची में उनका नाम बांकीपुर विधानसभा में दर्ज है. चुनावी हलफनामे में उन्होंने खुद को सामाजिक कार्यकर्ता और व्यापारी बताया है. बता दें कि पटना जिले की इस हाई प्रोफाइल सीट पर 30 जुलाई को वोटिंग होनी है. इसके लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.